Tuesday 20 November 2012

करवट

मौसम करवट बदलने लगा है,
धड़कन गीत नया गाने लगी है।

यूँ पहले भी कायल थे उनके, 
हर अदा उनकी लुभाने लगी है।

आसमान पहले भी यही था,
रौशनी नई -  सी आने लगी है।

छमछम बरसने लगी है बूँदें,
बदली - सी जैसे छाने लगी है।

एक पल की भी दूरी अब तो,
इस दिल को तड़पाने लगी है। 

Monday 12 November 2012

दीवाली

दीयों का त्यौहार दीवाली
उजाले का उपहार दीवाली
हर्षोल्लास की उमंग ले आती हर बार दीवाली

सन्देश यही, उपदेश यही
देते हैं यही शुभकामनाएं हम,
बेकारी, भुखमरी और भ्रष्टाचार के
रावण को मार गिराएँ हम
लेकर आये सबके लिए खुशियाँ अपार दीवाली

मिलजुल कर आओ आज
एक देश नया बनाएँ हम,
रामराज लौटे फिर, महंगाई की
लंका को जीत आयें हम
तोड़ डाले ऊँच नीच, भेदभाव की दीवार दीवाली

प्रेम-प्यार हर दिल में पले
अशिक्षा को दूर भगाएँ हम,
मानवता के नाम आज
आओ एक दीप जलाएँ हम
उम्मीद से रौशन कर जाये सारा संसार दीवाली